ब्यूरो, लखनऊ। कृषि के विकास के प्रयासों में जुटी सरकार किसानों को तकनीक और उपकरणों के सहारे भी सशक्त बना रही है। 62 जिलों में किसानों को 450 अत्याधुनिक कंबाइन हार्वेस्टर उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें 26 महिला किसान भी शामिल हैं।

आत्मनिर्भर कृषक समन्वित विकास योजना और एग्री इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड के माध्यम से किसानों को वित्तीय सहायता और तकनीकी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इसके तहत किसानों को कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कंबाइन हार्वेस्टर एक साथ कटाई, थ्रेसिंग और साफ-सफाई का काम करती है। इनके प्रयोग से किसानों का समय बचेगा और उपज की क्षति में भी कमी आएगी।
वहीं, कृषि विभाग द्वारा संचालित कृषि रक्षा इकाइयों पर फसलों के लिए उपयुक्त कृषि रक्षा रसायन व खरपतवारनाशी किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि खरीफ फसलों में खरपतवारों का नियंत्रण कर अपने उत्पादन को बढ़ाएं। सहयोग के लिए नजदीकी कृषि रक्षा इकाइयों से संपर्क कर सकते हैं।