यूपी चुनाव 2027: अखिलेश ने खोले पत्ते,17 नवंबर को सपा-कांग्रेस की बड़ी बैठक


कांग्रेस ने 181 सीटें मांगी हैं, हमारे संबंध बहुत अच्छे

2022 में 399 सीटों पर लड़ी थी कांग्रेस, 387 पर जब्त हुई थी जमानत

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की कवायद तेज हो गई है। ‘इंडिया’ गठबंधन के तहत दोनों दलों के बीच सीटों के तालमेल को लेकर 17 नवंबर को लखनऊ में अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आमने-सामने बैठकर सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर चर्चा करेंगे। बैठक से पहले अखिलेश यादव ने खुलासा किया है कि कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 181 सीटों की मांग की है। ऐसे में दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर होने वाली बातचीत पर सबकी नजरें टिकी हैं।

सीट बंटवारे और चुनावी रणनीति को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपना रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने पहले ही यह तय कर लिया है कि उसे कितनी सीटों पर चुनाव लड़ना है। कांग्रेस के साथ तालमेल को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के साथ उनके संबंध बहुत अच्छे हैं।अखिलेश यादव ने बताया कि कांग्रेस ने 100 से ज्यादा यानी 181 सीटों की मांग रखी है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन मिलकर भारतीय जनता पार्टी को हराने जा रहे हैं।

वहीं, बसपा प्रमुख मायावती से बातचीत या उन्हें इंडिया गठबंधन में शामिल करने की अटकलों को उन्होंने खारिज कर दिया। अखिलेश ने कहा, ‘मैं कभी भी अलायंस में रहकर दूसरे अलायंस के बारे में नहीं सोचता हूं।’ उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस समय इंडिया गठबंधन बना था, उस समय जो दल साथ थे, वे आज भी गठबंधन में साथ दिखाई दे रहे हैं।

राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, सीटों के तालमेल पर औपचारिक बातचीत से पहले ही समाजवादी पार्टी ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है। एक ओर कांग्रेस की तरफ से प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 200 से अधिक सीटों पर दावेदारी पेश करते हुए बराबर का साझेदार बनने की मांग किए जाने की चर्चा है। वहीं, सपा ने 2022 के विधानसभा चुनाव के आंकड़ों के आधार पर कांग्रेस की जमीनी स्थिति का विस्तृत डोजियर तैयार किया है।

हालांकि, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की मांग किए जाने की बात कही है।समाजवादी पार्टी का रुख है कि आगामी विधानसभा चुनाव में सीटों का बंटवारा केवल संख्या के आधार पर नहीं होना चाहिए। इसके लिए उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता और संबंधित क्षेत्रों में संगठन की मजबूती को भी आधार बनाया जाना चाहिए।

सपा की ओर से तैयार किए गए चुनावी विश्लेषण में 2022 के विधानसभा चुनाव के नतीजों को प्रमुख आधार बनाया गया है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की कुल 403 में से 399 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे।इनमें पार्टी को केवल दो सीटों पर जीत मिली थी। कांग्रेस ने प्रतापगढ़ की रामपुर खास और महाराजगंज की फरेंदा विधानसभा सीट पर जीत दर्ज की थी, जबकि केवल चार सीटों पर उसके उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहे थे।

चुनावी आंकड़ों के मुताबिक, कांग्रेस ने जिन 399 सीटों पर चुनाव लड़ा था, उनमें से 387 सीटों पर उसके उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी। पूरे प्रदेश में पार्टी को कुल 21.51 लाख वोट मिले थे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की केवल 46 विधानसभा सीटें ऐसी थीं, जहां कांग्रेस के उम्मीदवार 10 हजार से अधिक वोट हासिल कर सके थे।इन्हीं आंकड़ों को आधार बनाकर समाजवादी पार्टी आगामी चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे पर अपना पक्ष तैयार कर रही है। अब 17 नवंबर को लखनऊ में होने वाली बैठक में दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर चर्चा होगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *