Khan pan- aloo kulchw: छोले के साथ गरमा-गरम और मक्खन से भरपूर आलू कुलचा मिल जाए, तो खाने का मज़ा दोगुना हो जाता है। अक्सर लोगों की शिकायत होती है कि तवे पर कुलचे सख्त हो जाते हैं, लेकिन सही सामग्री और तवे पर भाप देकर सेकने की खास तकनीक से आप घर पर ही बिल्कुल बाजार जैसे मुलायम और फूले-फूले कुलचे तैयार कर सकते हैं।

उबले आलू, कटे प्याज, हरी मिर्च और अमचूर के चटपटे मसाले से भरी स्टफिंग जब तवे पर सिकती है, तो इसकी खुशबू हर किसी को लुभा लेती है। स्पेशल ब्रेकफास्ट हो या कोई खास मौका, यह आसान रेसिपी आपके परिवार के हर सदस्य को बेहद पसंद आएगी। तो चलिए नुपूर द्वारा शेयर की रेसिपी की सभी स्टेप जानते हैं।
चटपटी आलू स्टफिंग तैयार करना
सबसे पहले एक बड़े बाउल में उबले और मैश किए हुए आलू लें। अब इसमें बारीक कटा अदरक, हरी मिर्च, बारीक कटा हुआ प्याज, स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च पाउडर, काला नमक, अमचूर पाउडर और ताजा हरा धनिया मिलाएं। सभी मसालों को आलू में अच्छी तरह मिलाकर एक बढ़िया चटपटा आलू का मिश्रण तैयार कर लें।
सॉफ्ट कुलचा डो तैयार करना
एक बड़े बर्तन में मैदा निकालें और उसमें नमक व थोड़ी पिसी हुई शक्कर डालकर मिला लें। अब बीच में थोड़ी जगह बनाकर इसमें फेंटी हुई दही, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा और थोड़ा सा तेल डालें। इन सब चीजों को अच्छे से मिलाने के बाद आवश्यकतानुसार पानी डालते हुए एकदम सॉफ्ट और मुलायम आटा गूंध लें।
डो को रेस्ट देना और लोइयां बनाना
गूंधे हुए मैदे के ऊपर थोड़ा सा तेल लगाकर उसे गीले कपड़े से ढक दें और लगभग 10 से 20 मिनट के लिए सेट होने के लिए रख दें। ऐसा करने से मैदा अच्छे से फूल जाता है और कुलचे एकदम सॉफ्ट बनते हैं। तय समय के बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर तैयार कर लें।
आलू की स्टफिंग भरकर बेलना
मैदे की लोई को हाथों से थोड़ा फैलाएं और उसके बीच में तैयार किया गया चटपटा आलू का मिश्रण रखें। लोई को चारों तरफ से समेटते हुए अच्छी तरह बंद (सील) कर लें। इसके बाद लोई पर थोड़ा सूखा मैदा छिड़कें और बेलन की मदद से ओवल या गोल आकार में हल्का मोटा बेल लें।
तिल, कलौंजी और धनिया से गार्निश करना
बेले गए कुलचे के ऊपरी हिस्से पर हल्का सा पानी लगाएं। पानी वाले हिस्से के ऊपर थोड़ी सी कलौंजी, सफेद तिल और बारीक कटा हरा धनिया छिड़कें। इसके बाद हाथ या बेलन से हल्का सा दबा दें ताकि तिल और कलौंजी कुलचे की सतह पर अच्छी तरह चिपक जाएं और सेकते समय बाहर न निकलें।

एक तवा गरम करें और उस पर थोड़ा पानी छिड़कें। अब कुलचे को तवे पर रखें और ढक्कन से ढककर धीमी आंच पर पकने दें। भाप में पकने के कारण कुलचा एकदम फूल जाएगा और सॉफ्ट रहेगा। इसके बाद ढक्कन हटाकर कुलचे पर देसी घी या बटर लगाएं और दोनों तरफ से हल्का सुनहरा होने तक सेक लें। आपके फूले-फूले आलू कुलचे तैयार हैं, इन्हें गरम-गरम चटपटे छोले और कटे प्याज के साथ सर्व करें।