खबर का असर: प्रमुख सचिव होमगार्ड ने 5 कमांडेंट के ट्रांसफर कर अगले दिन कैंसिल करने पर डीजी से मांगी आख्या


खबर का असर: 5 कमांडेंट का ट्रांसफर कर,अगले दिन कैंसिल करने पर प्रमुख सचिव सख्त,डीजी से मांगी आख्या

द संडे व्यूज़ ने यू-टयूब,सोशल मीडिया पर 9 जून को ही किया था खुलासा मंत्री का ट्रांसफर गेम…

मुख्यमंत्री कार्यालय से प्रमुख सचिव को जांच कराने की मिली हरी झंड़ी, मुख्यालय पर मचा हड़कम्प

शासन को गोल-मोल जवाब देकर गुमराह करने की तैयारी में चल रहा मंथन

संजय श्रीवास्तव

Transfer fraud in Home Guard department: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीरो टॉलरेंस की नीतियों के विपरित मंत्री धर्मवीर प्रजापति और आईजी,पुलिस धर्मवीर ने 13 जिला कमांडेंट का ट्रांसफर करने के बाद अगले ही दिन उनमें से 5 कमांडेंट का ट्रांसफर कैंसिल कर दिया। पांचों कमांडेंट को उनकी मनचाही जिलों में तैनाती कर सरकार की नीतियों पर सवालिया निशान लगाने का काम किया। ‘द संडे व्यूज़’ के यू-टयूब चैनल,द संडे व्यूज डॉट कॉम, इंडिया एक्सप्रेस न्यूज डॉट कॉम पर 9 जून को खबर प्रकाशित होने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय ने खबर को संज्ञान में लिया। इस पर प्रमुख सचिव,होमगार्ड राजेश सिंह ने 11 जून को डीजी, होमगार्ड को पत्र जारी कर जिला कमांडेंट के स्थानांतरण आदेशों को परिवर्तित कर,संशोधित किये जाने पर आख्या उपलब्ब कराये जाने के संबंध जवाब मांगा है

9 जून को ‘द संडे व्यूज’ ने यूटयूब में खबर मंत्री धर्मवीर प्रजापति का ट्रांसफर गेम : 13 कमांडेंट का ट्रांसफर,अगले दिन 5 का ट्रांसफर कैंसिल शीर्षक से खबर प्रकाशित कर इस फर्जीवाड़ा का खुलासा किया। खबर चलने के बाद उत्तर प्रदेश के होमगार्ड विभाग से लेकर सचिवालय,लोकभवन के गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। सभी भौचक्क रहे गये कि आखिर मुख्यमंत्री के जीरो टॉलरेंस की नीतियों को दरकिनार करने की हिम्मत मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कैसे दिखायी? चर्चा रही कि जब मुख्यमंत्री के नीतियों को उनके ही सरकार के मंत्री और अफसर मिलकर तोड़ेंगे तो सरकार की साख खराब होगी। द संडे व्यूज़ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों को दरकिनार करने वालों के खिलाफ शुरु से ही आक्रामक तेवर अपनाता रहा है और आगे भी ऐसे लोगों के खिलाफ हल्ला बोल जारी रखेगा। बता दूं कि 9 जून को प्रसारित खबर का सार इस प्रकार से था…

लखनऊउत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीरो टॉलरेंस पर उनके ही सरकार के मंत्री ठहाका लगा रहे हैं। जिस तरह से मंत्री नियम विरुद्ध अधिकारियों का तबादला कर रहे हैं,उसे देखकर हम तो यही कहेंगे। होमगार्ड राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने 30 मई को 13 जिला कमांडेंट का तबादला किया। अगले दिन 31 मई को मंत्री ने 5 कमांडेंट के तबादला में संसोधन कर उन्हें मनचाही जगह तैनाती दे दी। अब सवालों के घेरे में ट्रांसफर पालिसी और मुख्यमंत्री की जीरो टालरेंस आ गयी है। तबादला संशोधन नये डीजी डी के ठाकुर के हस्ताक्षर से हुआ है। चर्चा जोरों पर है कि मंत्री जी ने नये आईपीएस को गुमराह कर बड़ा खेल खेलने में कामयाब हो गये हैं।

30 मई को जारी तबादला सूची में जिन कमांडेंट का नाम आया था उनमें से 5 कमांडेंट का जिला 31 मई को बदल दिया गया। उनके नाम इस प्रकार से हैं। जौनपुर के कमांडेंट ओमप्रकाश सिंह का पहले तबादला चित्रकूट किया गया,अगले दिन बदलकर प्रतापगढ़ कर दिया गया। इसी तरह आजमगढ़ के कमांडेंट मनोज सिंह बघेल का जालौन तबादला किया गया जिसे बदलकर महाराजगंज कर दिया गया। सहारनपुर के कमांडेंट विजय कुमार सिंह का जौनपुर तबादला किया गया जिसे बदलकर सम्भल कर दिया गया। सीतापुर के कमांडेंट दिनेश ढिंगरा का तबादला प्रतापगढ़ किया गया था,जिसे बदलकर जौनपुर का कमांडेंट बना दिया गया। ठीक इसी तरह जालौन के कमांडेंट राजेश कुमार सिंह को सम्भल भेजा गया था, अगले दिन बदलकर जालौन में ही तैनात कर दिया गया। राजेश कुमार सिंह का तबादला बदलने के बाद पहले से उसके पास कानपुर देहात अतिरिक्त चार्ज था और अब इसी के साथ महोबा जिले का भी अतिरिक्त चार्ज सौंप दिया गया है। बता दें कि कानपुर देहात को कमाई के मामले में मिनी दुबई कहा जाता है और आखिर कमांडेंट साहेब में ऐसी क्या खूबी है कि वापसी के बाद ईनाम में दो अतिरिक्त जिले का चार्ज सौंप दिया गया ?

अधिकारियों ने बताया कि डीजी, होमगार्ड डी. के. ठाकुर को कार्यभार ग्रहण किये चार ही दिन हुये और मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने उनसे पांच कमांडेंट का ट्रांसफर कराकर उसमें संशोधन भी करवा लिया। इसमें कोई संदेह नहीं कि डीके ठाकुुर निहायत ही ईमानदार आईपीएस के रुप में जाने जाते हैं लेकिन मंत्री के शातिर चाल को समझ नहीं पाये। खैर ट्रांसफर के पहले मंत्री मुख्यालय पहुंचे और होमगार्डों के साथ बैठकर खाना खाया। दो दिनों तक ट्रेनिंग सेंटर पर तूफानी दौरे की नौटंकी कर तबादला में खेल करने में कामयाब हो गये। 

बड़ा सवाल ये है कि आखिर मंत्री धर्मवीर प्रजापति के सामने ऐसी क्या मजबूरी रही कि उन्होंने अगले दिन पांच कमांडेंट का तबादला निरस्त कर उन्हें मनचाही जगह पर तैनाती दे दी।’ द संडे व्यूज़’ की खोजी पत्रकारिता में जो तथ्य निकल कर सामने आ रहे हैं,उनके मुताबिक मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने सोची समझी रणनीति के तहत इस बार ट्रांसफर में खेल किया और पाक साफ भी बने रहे। नियमावली की बात करें तो हर साल तबादला के सीजन में सभी अधिकारियों ने तीन-तीन विकल्प मांगे जाते हैं। इस बार मंत्री ने कमांडेंट से विकल्प क्यों नहीं मांगा ? हम बताते हैं क्यों नहीं विकल्प मांगा गया…मंत्री ने बिना किसी से पूछे जहां मन किया, उसे दूर जिले में फेंक दिया। उन्हें अंदाजा था कि ऐसा करने पर सब भाग कर उनके चौखट पर आयेंगे और यही हुआ। जिसने मंत्री को खुश किया,उसका जिला अगले दिन बदल दिया गया।

चर्चाएं तो बहुत है,आप लोग समझ सकते हैं। मुख्यालय से लेकर उत्तर प्रदेश में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि आखिर मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने मुख्यमंत्री के ट्रांसफर पॉलिसी की धज्जियां उड़ाने में कामयाब रहें लेकिन इस बात का विरोध भी हो रहा है कि आखिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में उनके मंत्री द्वारा नियम विरुद्ध तबादला रद्द करने पर शासन के आला अफसर मूकदर्शक क्यों बने हैं ? क्या शासन के अफसरों की नजर में मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा बड़ी नहीं है ?


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *