ब्यूरो,लखनऊ: केन्द्रीय राज्यमंत्री और महाराजगंज से सांसद पंकज चौधरी यूपी बीजेपी के अगले अध्यक्ष होंगे, यह लगभग तय हो चुका है। उन्होंने आज उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया। उनके नामांकन का प्रस्ताव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने किया। केवल उन्हीं की ओर से नामांकन किया गया, इससे यह स्पष्ट हो गया है कि वह निर्विरोध यूपी बीजेपी के अध्यक्ष चुन लिए जाएंगे।

इसके बाद महाराजगंज में उनके आवास पर समारोह और जश्न की तस्वीरें वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे हैं। इस मौके पर जब उनकी मां उज्वल चौधरी से मीडिया ने बातचीत की तो उन्होंने कहा, हमें गर्व है साथ ही बहुत खुशी हो रही है कि बेटा इतनी बड़ी पोस्ट पर पहुंच गया। भगवान उसे और आगे बढ़ाए।’ उन्होंने कहा, मैंने कभी नहीं सोचा था कि इतना बड़ा पद मिल जाएगा। आज घर में सभी लोग इकठ्ठे हुए हैं। घर में खुशी का माहौल है। उनकी मां ने कहा, हमारा बेटा हमसे बिना पूछे कोई काम नहीं करता। हमें पूरी उम्मीद है कि वह पूरी जिम्मेदारी के साथ अपना काम संभालेगा।
पार्टी की आंतरिक बैठकों और संसदीय व प्रदेश नेतृत्व के समीकरणों को देखते हुए पंकज चौधरी को शुरू से ही फ्रंट-रनर माना जा रहा था। केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश चुनाव प्रबंधन के लिए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया था।
इस बार यूपी बीजेपी अध्यक्ष पद के लिए ओबीसी नेताओं में से कई नामों पर विचार हुआ था। इनमें खासकर कुर्मी और लोध जाति के नेता शामिल थे। अगर पंकज चौधरी इस पद पर आसीन होते हैं तो वे कुर्मी समुदाय से उत्तर प्रदेश भाजपा के चौथे प्रदेश अध्यक्ष बनेंगे — इससे पहले ओमप्रकाश सिंह, विनय कटियार और स्वतंत्रदेव सिंह जैसी हस्तियों ने यह भूमिका निभाई है। इस तथ्य को भाजपा की जातिगत और क्षेत्रीय संतुलन रणनीति के संदर्भ में देखा जा रहा है।