मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ,केशव प्रसाद व ब्रजेश पाठक ने बिहार चुनाव में एनडीए की सफलता काे बताया ऐतिहासिक


ब्यूराे,लखनऊः बिहार के विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए के शानदार प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ के साथ उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद माैर्य और ब्रजेश पाठक ने ऐतिहासिक बताया है।कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री और उनके सहयाेगियाें ने बिहार के विधानसभा चुनाव के परिणाम काे प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मेहनत का फल बताया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनडीए की जीत पर खुशी जताई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई दी और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना की। योगी आदित्यनाथ ने इस जीत को विकास और सुशासन की नीतियों पर जनता का अटूट विश्वास बताया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट कर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एनडीए की प्रचंड जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा है कि बिहार विधान सभा चुनाव में भाजपा-एनडीए गठबंधन की प्रचंड विजय की समर्पित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं जनता-जनार्दन का अभिनंदन करता हूं।

लोक-कल्याणकारी नीतियों पर बिहार की जनता के अटूट विश्वास की मुहर

उन्हाेंने आगे लिखा कि यह ऐतिहासिक विजय आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकासोन्मुख मार्गदर्शन और डबल इंजन सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों पर बिहार की जनता के अटूट विश्वास की मुहर है। यह जनादेश विकास, सुशासन, समृद्धि और स्थिरता के उस मार्ग का समर्थन है, जिस पर नया बिहार आत्मविश्वास से आगे बढ़ रहा है।

भाजपा और एनडीए काे बिहार की जनता का आशीर्वाद मिल गया

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा और एनडीए काे बिहार की जनता का आशीर्वाद मिल गया है। यह ऐतिहासिक जीत है। बिहार ने देश को संदेश दे दिया है। बिहार के विधासभा चुनाव में भाजपा के सह सह प्रभारी की भूमिका में रहे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बिहार ने आज स्पष्ट कर दिया है कि उसका भरोसा काम, सुशासन और विकसित बिहार के संकल्प पर है।

मौर्य ने कहा कि यह जीत हर उस बिहारवासी की है जिसने जंगलराज और तुष्टीकरण की राजनीति को निर्णायक रूप से नकारकर सुशासन और विकास को चुना है। इस प्रचंड विजय के लिए समस्त एनडीए नेतृत्व को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। इसके साथ ही वहां पर बूथ से लेकर प्रदेश तक दिन-रात संगठन को संभालने वाले बिहार भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को हृदय से धन्यवाद, आपकी निष्ठा और परिश्रम ही इस ऐतिहासिक जीत की सबसे बड़ी ताकत रही है। बिहार की जनता और प्रत्येक बिहारवासी को बहुत बहुत धन्यवाद!

प्रधानमंत्री मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं पर मुहर 

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत से साबित हाे गया है कि जनता ने जंगलराज के स्थान पर सुशासन काे वरीयता दी है, वहां बहुमत की सरकार बनने जा रही है। यह प्रधानमंत्री मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं पर मुहर है। यह नीतीश कुमार के सुशासन पर मुहर है। मैं बिहार की जनता का आभार प्रकट करता हूं
लखनऊ में उत्तर प्रदेश के भाजपा मुख्यालय पर बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की बंपर जीत पर जश्न का माहौल है। नेताओं के साथ कार्यकर्ता ढोल नगाड़ों के साथ जीत की दिवाली मना रहे हैं। पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया जा रहा है। यह जीत प्रधानमंत्री मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं और नीतीश कुमार के सुशासन पर मुहर मानी जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *