ब्यूरो, अमरोहा। चर्चाओं पर विराम लगाते हुए भाजपा ने मंडल में अमरोहा को छोड़कर बाकी चार जिलों में जिलाध्यक्ष घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने मंडल में ओबीसी पर फिर से भरोसा जताते हुए अधिकांश पुराने जिलाध्यक्षों पर ही दांव लगाया है। घोषित चार जिलाध्यक्षों में तीन पिछड़ी जाति के हैं, जबकि एक सवर्ण बिरादरी से हैं। तीन जिलाध्यक्ष दोराए गए हैं।

रविवार दोपहर भाजपा ने मुरादाबाद, रामपुर, संभल और बिजनौर के जिलाध्यक्षों के नामों का एलान किया। पार्टी ने मुरादाबाद, संभल और बिजनौर में वर्तमान जिलाध्यक्षों पर ही भरोसा जताया है। भाजपा ने सिर्फ रामपुर अध्यक्ष बदला है। हालांकि भाजपा की रामपुर की सियासत में यह चेहरा भी नया नहीं है।
जिलाध्यक्षों की घोषणा में पार्टी ने मंडल में पिछड़ी जाति को साधने की पूरी कोशिश की है। मुरादाबाद, संभल और रामपुर में चुने गए जिलाध्यक्ष ओबीसी से ताल्लुक रखते हैं। जबकि बिजनौर के जिलाध्यक्ष से क्षत्रिय बिरादरी का साधा है। हालांकि बिजनौर के भाजपा जिलाध्यक्ष को भी फिर से मौका दिया है।
मुरादाबाद में भाजपा ने वर्तमान जिलाध्यक्ष आकाश पाल पर फिर से जिले की कमान सौंपी है। आकाश पाल पिछड़ी जाति से आते हैं। ऐसे ही संभल में हरेंद्र सिंह पार्टी का भरोसा जीतने में फिर कामयाब रहे हैं। जाट बिरादरी से ताल्लुक रखने वाले हरेंद्र भी पिछड़ी जाति से आते हैं।
इसके अलावा बिजनौर के वर्तमान जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान बॉबी की पार्टी ने दोबारा ताजपोशी की है। बॉबी क्षत्रिय बिरादरी से आते हैं। रामपुर में वर्तमान जिलाध्यक्ष हंसराज पप्पू को हटाकर भाजपा ने अब तक महामंत्री की जिम्मेदारी संभालने वाले हरीश गंगवार को जिलाध्यक्ष बनाया है। हरीश भी पिछड़ी जाति से आते हैं। जबकि हंसराज पप्पू अनुसूचित जाति से थे।
अमरोहा जिलाध्यक्ष की घोषणा नहीं
मंडल में अमरोहा जिलाध्यक्ष की घोषणा में अभी नहीं हो सकी है। फिलहाल यहां वर्तमान में उदय गिरि गोस्वामी जिलाध्यक्ष हैं। यह भी ओबीसी जाति से ताल्लुक रखते हैं।
कौन कहां से बना जिलाध्यक्ष
जिला | अध्यक्ष | बिरादरी |
मुरादाबाद | आकाश पाल | ओबीसी |
रामपुर | हरीश गंगवार | ओबीसी |
संभल | हरेंद्र सिंह | ओबीसी |
बिजनौर | भूपेंद्र सिंह चौहान बॉबी | क्षत्रिय |