असली ओबीसी समाज अब जाग चुका है
अगर जनता सड़क पर उतर आई तो कहीं के ना रहोगे
OP Rajbhar news: यूपी सरकार में मंत्री और सुभासपा मुखिया ओमप्रकाश राजभर लगातार सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमलावर नजर आते हैं। एक दिन पहले बलिया में इसको लेकर सपा नेताओं ने राजभर के काफिले के सामने जमकर हंगामा किया। इस बहाने राजभर ने एक बार फिर अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।

रविवार को ओपी राजभर ने अपने X अकाउंट पर लिखा है- ‘मित्र @yadavakhilesh जी, देख रहे हैं न अपने गुंडों की करतूत। बलिया में सैकड़ों की तादाद में आपके गुंडे मेरे खिलाफ सड़क पर उतर आए! क्यों? क्योंकि मैं सच लिख रहा हूं, और सच आपको पच नहीं रहा। यही तो आप लोगों की पुरानी मानसिकता रही है। हमेशा से आप लोग गैर-यादव ओबीसी समाज के प्रति हेय दृष्टि रखते आए हैं।’
राजभर ने आगे लिखा है- ‘हम मुर्दाबाद के नारों और काले कपड़ों से विचलित होने वालों में से नहीं हैं। हम तो उस समाज से हैं जिसके मुर्दाबाद के नारे आपके स्वजातीय हमेशा से लगाते आए हैं। रही बात काले कपड़ों की तो हमें काला रंग बहुत पसंद है, दिखाइये जितना दिखा सकते हैं।’सुभासपा प्रमुख ने सोशल मीडिया पर लिखा- ‘आप और आपके गुंडों में अगर दम है तो लोकतांत्रिक ढंग से लड़ें। आओ मैदान में, चुनाव में दम दिखाओ। काला लाल हरा जो दिखाना है, दिखा लेना आप लोग। भगवा फिर भी लहरा के रहेगा। और हां…आपके गुंडों के जवाब में अगर जनता सड़क पर उतर आई तो कहीं के नहीं रहोगे।’
राजभर ने आगे लिखा है- ‘ओम प्रकाश राजभर सपाई गुंडों से डरने वाला नहीं है। हम तो जमीन से आए और जमीन पर ही रहते हैं। हमें ऐसे लम्पटों का सामना करना अच्छे से जानता है। संघर्ष से उपजा हूं। समाज की लड़ाई लड़ता आया हूं। अपने गुंडों को संभाल लीजिए महाराज, नहीं तो ये योगी सरकार है, गुंडों का इलाज बेहतर ढंग से करना खूब आता है। असली ओबीसी समाज अब जाग चुका है। नक्काल परेशान हैं।’