योगी बोले- सपा के लिए राम नाम सत्य का समय



लखनऊ।  उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। संविधान दिवस पर कांग्रेस के कार्यक्रम को अनुमति नहीं मिली है, तो समाजवादी पार्टी कल अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करने जा रही है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधा है। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर एक साथ तीखा हमला बोलते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गरमा दिया है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि दो नावों की सवारी करने वाले डूबते हैं। अखिलेश को अयोध्या जाने से पहले रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि राधे-राधे तो शुरुआत है, सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय आ रहा है। मथुरा में राधे-राधे, अयोध्या में जय श्रीराम और काशी में हर-हर महादेव कहना आस्था के अनुरूप है, जबकि राम नाम सत्य विदाई के समय कहा जाता है। मुख्यमंत्री बुधवार को एक टीवी मीडिया समूह को दिए साक्षात्कार में बोल रहे थे

चुनौती का सामना करना सन्यासी का दायित्व 

योगी ने सपा की राजनीति को परिवार तक सीमित बताते हुए उसके पीडीए की नई व्याख्या की। उन्होंने कहा कि पीडीए का मतलब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी है। सपा की राजनीति परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जबकि भाजपा का मतदाता हर वह राष्ट्रवादी नागरिक है, जो संविधान और देश की विरासत का सम्मान करता है। उनकी किसी से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है, लेकिन देश और समाज के सामने चुनौती आने पर उसका सामना करना संन्यासी का दायित्व है।

सपा-कांग्रेस में तालमेल नहीं, चुनाव से पहले ही गठबंधन विफल

मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर भी निशाना साधा। उन्होंने इसे चुनाव से पहले ही विफल करार देते हुए कहा कि एक तरफ दोनों दलों की बैठकें चल रही हैं और दूसरी तरफ प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। दोनों दलों पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने प्याज भी खाया और जूता भी। योगी ने स्पष्ट किया कि भाजपा और एनडीए के सहयोगी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। प्रत्याशियों का चयन पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।

घुसपैठियों के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा विदेशी घुसपैठियों को अपना मानती है, जबकि मतदाता सूची में केवल पात्र भारतीय नागरिकों के नाम होने चाहिए। मृतकों और स्थान बदल चुके मतदाताओं के नाम हटाए जाने जरूरी हैं। किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम सूची से नहीं कटना चाहिए, लेकिन विदेशी नागरिक को मतदान का अधिकार नहीं मिल सकता।

कट्टा-बम से ब्रह्मोस तक पहुंचा प्रदेश

सीएम ने कानून-व्यवस्था और विकास के मुद्दे पर पिछली सरकारों को निशाने पर लिया। कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी, दंगे और अव्यवस्था थी। उस समय कट्टा-बम की फैक्ट्रियां चलती थीं, जबकि अब प्रदेश में रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और निवेश के लिए 36 सेक्टोरल नीतियां बनाई गई हैं। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *