जन्माष्टमी: सीएम योगी बोले- आस्था पर प्रहार करने वाले मिट गए


कृष्ण ने समाज को प्रकाश का मार्ग दिखाया

कृष्ण की स्मृतियां लोगों के मन में बसी हुई हैं

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का महापर्व धूमधाम से मनाया गया। रिजर्व पुलिस लाइंस में जन्माष्टमी का पावन पर्व पूरी भव्यता के साथ मनाया गया। इसमें सीएम योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित करके समारोह का शुभारंभ किया। साथ ही झांकियों को देखा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, विधायक जय देवी, विधायक नीरज बोरा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।



इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आक्रांता मंदिर तोड़ सकता है, लेकिन आस्था नहीं। वे मूर्तियां तोड़ सकते हैं, मंदिरों के ऊपर अपनी इमारत खड़ी कर सकते हैं, लेकिन वे हमारे मन में बसे राम-कृष्ण को कभी छू नहीं पाए। सोमनाथ मंदिर, राम जन्मभूमि, काशी विश्वनाथ का मंदिर बार-बार टूटे। काशी में पहले लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर और आधुनिक भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वनाथ धाम के रूप में इसे भव्य स्वरूप दिया।

सीएम ने कहा कि जिन लोगों ने भारत को मिटाने और उसकी आस्था को नष्ट करने का प्रयास किया, वे स्वयं इतिहास के पन्नों में मिट गए। भारत आज भी जाग्रत है और अपनी शाश्वत यात्रा को लेकर आगे बढ़ रहा है। कृष्ण का जन्म जेल की काल कोठरी में होता है। जीवन भर परिस्थितियों को परास्त करते हुए समाज को प्रकाश का मार्ग दिखाया। धर्म, सत्य और न्याय की स्थापना के लिए प्रभु का अवतरण हुआ।

उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य रहा कि कल से वृंदावन और मथुरा में था। वहां लाखों के जनसैलाब के मन में एक ही भाव और एक ही भंगिमा थी कि कृष्ण जन्मभूमि में दर्शन करना है। मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, गोवर्धन, बलदेव और नंदगांव, इन सभी क्षेत्रों में आज भी कृष्ण की वे स्मृतियां लोगों के मन में बसी हुई हैं। वहां अनावश्यक रूप से पहाड़ों का खनन नहीं करते, पेड़ों की टहनियां नहीं तोड़ते और प्रकृति को नुकसान नहीं पहुंचाते।

सीएम ने कहा कि इंद्र अपनी पूजा कराना चाहते थे। कृष्ण ने कहा कि अन्नदाता किसानों और पशुपालकों की पूजा करनी चाहिए। इसीलिए आज भी हम लोग पिछले 5000 वर्षों से गोवर्धन की पूजा कर रहे हैं। यह भाव हमें दिखाता है कि आक्रांता मंदिर तोड़ सकता है, लेकिन हमारी आस्था नहीं। कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश राजपूत, पूर्व डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा, पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, जय देवी, अमरेश कुमार और ओपी श्रीवास्तव, मुख्य सचिव एसपी गोयल, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद आदि मौजूद रहे।

CM Yogi visit Lucknow Police Lines on occasion of Shri Krishna Janmotsav here grand celebration will be held

बताते चलें कि पुलिस लाइंस में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव झांकी दर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान वीवीआईपी मूवमेंट और आम श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने दोपहर 3 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था लागू की।सीएम ने यहां स्थित मंदिर में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी का दर्शन-पूजन किया। इस दौरान भक्तिमय और आध्यात्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *