अमित शाह यूपी में BJP की चुनावी गतिविधियों को देंगे तेजी


Amit shah news : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति पर अब भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियों को तेज करने का निर्णय लिया है। पार्टी की ओर से विधानसभा चुनाव से पहले संगठन के स्तर पर कई प्रकार के काम करने हैं। यूपी विधान परिषद चुनाव का रिजल्ट पार्टी के लिए उनके मनमुताबिक नहीं आ पाया है। इसके बाद अब विपक्ष की रणनीति की काट कैसे तैयार की जाए, इस पर विचार होना है। दरअसल, लोकसभा चुनाव 2024 और यूपी विधान परिषद चुनाव 2026 के दौरान समाजवादी पार्टी पीडीए यानी पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक की राजनीति को धार देती दिखी।

लोकसभा चुनाव हो या विधान परिषद चुनाव दोनों में ही समाजवादी पार्टी को अपनी रणनीति का फायदा मिलता दिखा है और भाजपा नुकसान झेलती दिखाई दी है। ऐसे में भाजपा अब शुक्रवार 30 अक्टूबर को होने वाली प्रदेश संगठनात्मक बैठक में ठोस रणनीति तैयार कर सकती है। इस बैठक में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री यूपी में चुनावी अभियान का विधिवत आगाज करेंगे।यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अब विधानसभा के चुनावी अभियान को धार दिए जाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार की प्रदेश संगठनात्मक बैठक में शामिल होंगे। जब वे पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे, तो चुनाव प्रचार की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी। इसके साथ ही हमारे सभी कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ काम में जुट जाएंगे।

पंकज चौधरी ने विधान परिषद चुनाव के रिजल्ट पर कहा कि MLC चुनावों के नतीजों में हमने सभी छह सीटें जीती हैं। अगर आप वोटों की गिनती देखें, तो पूरे राज्य में भारतीय जनता पार्टी का वोट शेयर बढ़ा है। उन्होंने आगे कह कि हम निश्चित रूप से इस रिजल्ट की समीक्षा करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश संगठनात्मक बैठक को अहम माना जा रहा है। इसमें पार्टी अपनी चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दे सकती है। सरकार और संगठन के बीच संतुलन बैठाकर चुनावी तैयारियों को गति देने की योजना बनाई जा सकती है। यूपी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर पार्टी को बड़ी जीत दिलाने में भूमिका निभाई है। अब वे यूपी चुनाव 2027 से पहले एक बार फिर एक्टिव होते दिख रहे हैं।
माना जा रहा है कि भाजपा विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के पीडीए समीकरण की काट को लेकर कोई बड़ी रणनीति पर काम करती दिख सकती है। पार्टी सूत्र एक बार फिर बूथ स्तरीय कमिटियों को एक्टिव करने में पूरा जोर लगाने पर ध्यान देने की बात करते दिख रहे हैं। ऐसे में भाजपा अब जमीन पर उतर कर सपा की रणनीति का काट ढूंढ़ने की तैयारी में है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *