अब हनुमान जी उठाएं गदा और चंदा चोरों का फैसला करें – अजय राय


अयोध्या। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय रविवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अयोध्या में कोई भी कार्यक्रम लगता है तो कांग्रेस अपने कार्यक्रमों की शुरुआत भगवान के दर्शन से करती है। राम मंदिर के चढ़ावे में अनियमितता और चोरी के आरोपों को लेकर अजय राय ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि चढ़ावे की चोरी के आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। अब सरकार पर नहीं, बल्कि हनुमान जी पर भरोसा है। हनुमान जी अपना गदा उठाएं और चंदा चोरों का फैसला करें।

अजय राय ने राम मंदिर में मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मंदिर से जुड़े महत्वपूर्ण धार्मिक कार्यों में धर्माचार्यों की भूमिका होनी चाहिए। शंकराचार्य की देखरेख में नियुक्ति होनी चाहिए। राम मंदिर को व्यापार का केंद्र बनाने का प्रयास नहीं होने दिया जाएगा।

आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन के सवाल पर अजय राय ने कहा कि इस संबंध में फैसला कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा लेकिन इस बार भाजपा की सरकार को हटाने के साथ चढ़ावा चोरों को भगाएंगे। कहा कि जिन्होंने चढ़ावा चोरी किया अब एथेनॉल से भी लोगों को बर्बाद कर रहे हैं। राममंदिर चढ़ावा चोरी की रिपोर्ट सामने आने के बाद कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी। प्रवक्ता अखिलेश, जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह, महिला जिला अध्यक्ष रेनू राय, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप निषाद, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक सिंह, नंदकुमार गुप्ता, राम तेज वर्मा, रवि कुमार श्रीवास्तव, घनश्याम सिंह, राजकुमार पांडे, श्री निवास तिवारी, राम निहाल निषाद मौजूद रहे।

 कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के स्वागत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मछली भोज कराए जाने की चर्चा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि तारुन क्षेत्र स्थित लॉन में कांग्रेस का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां लोगों को भोजन में मछली परोसे जाने की तैयारी की गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मछली की मात्रा दो कुंतल से अधिक होने की बात भी कही जा रही है। अजय राय ने रविवार को हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया था। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *