UP Constable Recruitment: प्रदेश पुलिस में 32,679 सिपाही नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए आयोजित पहले दिन की लिखित परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई। पहले दिन की दोनों पालियों में 75.15 फीसद अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 24.85 फीसद ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा में गड़बड़ी फैलाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ 5 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पहले दिन की परीक्षा के दौरान हापुड़ और गोरखपुर से दो अभ्यर्थी गिरफ्तार किए गए, जबकि आजमगढ़ में एक अभ्यर्थी को अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर हिरासत में लिया गया है।

उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष डीजी एसबी शिरडकर ने बताया कि पहले दिन की लिखित परीक्षा सभी 75 जिलों के 1183 परीक्षा केंद्रों पर 2 पालियों में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से हुई। दोनों पालियों में कुल 9,62,832 अभ्यर्थी परीक्षा देने बुलाए गए थे जिनमें से 7,23,540 (75.15 प्रतिशत) अभ्यर्थी परीक्षा देने आए थे। बोर्ड द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म तथा जिलों के परीक्षा केंद्रों पर आपराधिक गतिविधियों अंजाम देने वाले अभ्यर्थियों एवं अराजक तत्वों के खिलाफ अब तक 5 प्राथमिकी दर्ज की गई है। बोर्ड ने चेतावनी दी है कि परीक्षा में आपराधिक कृत्य करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थी ऐसे किसी भी कृत्य अथवा व्यक्ति एवं भ्रामक संदेशों से सावधान रहें और परीक्षा में पूर्ण मनोयोग से हिस्सा लें।
इन मामलों में हुई कार्रवाई
-हापुड़ स्थित पिलखुआ में परीक्षा केंद्र बनाए गए सर्वोदय इंटर कॉलेज में अभ्यर्थी सचिन निवासी अमरोहा द्वारा वॉशरूम जाने एवं वापस लौटने में विलंब होने पर संदेह के आधार पर चेक किया गया। उसके पास मोबाइल फोन मिलने पर थाना पिलखुआ में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
– गोरखपुर के परीक्षा केंद्र नीना थापा इंटर कालेज में परीक्षार्थी राम प्रकाश कुमार निवासी बिहार द्वारा परीक्षा कक्ष में मोबाइल का इस्तेमाल करने पर गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।
– आजमगढ़ में इंस्टाग्राम यूजर आशुतोष कुमार मौर्य के विरुद्ध थाना बिलरियागंज में प्राथमिकी दर्ज की गई। उसे हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
– शनिवार को टेलीग्राम चैनल यूपीपी एग्जाम पेपर के विरुद्ध राजधानी के थाना हुसैनगंज में प्राथमिकी दर्ज की गई।
– सोमवार को इंस्टाग्राम आईडी up_police_leak के विरुद्ध थाना हुसैनगंज में प्राथमिकी दर्ज की गई।