जेल में ही रात बिताएंगे अल्लू अर्जुन, आज आ सकते हैं बाहर


एंटरटेनमेंट डेस्क। ‘पुष्पा 2’ की स्क्रीनिंग के दौरान भगदड़ में हुई महिला की मौत के मामले में शुक्रवार दोपहर तेलंगाना पुलिस ने अल्लू अर्जुन को उनके घर से गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें निचली कोर्ट में पेश किया गया जहां उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया। देर शाम उन्हें इस मामले में हाईकोर्ट से जमानत मिल गई। हालांकि, अभी तक उन्हें जेल से रिहा नहीं किया गया। सूत्रों की मानें तो अल्लू आज रात जेल में ही बिताएंगे।

देर शाम अल्लू अर्जुन को हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई। बावजूद इसके अब तक अभिनेता की रिहाई नहीं हो सकी है। वहीं, अल्लू के पिता भी अब घर लौट चुके हैं। इससे यह कयास लगाया जा रहा है कि अभिनेता आज रात जेल में ही बिताएंगे। खबर है कि जेल प्रशासन उनके लिए बैरक तैयार करा रहा है। इसी बीच अभिनेता की कोर्ट रूम से एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

कांग्रेस सांसद किरण कुमार चमाला की दो टूक

हैदराबाद पुलिस द्वारा अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी पर कांग्रेस सांसद किरण कुमार चमाला का बयान भी सामने आ गया है। उनका कहना है, ‘अल्लू अर्जुन एक अभिनेता हो सकते हैं लेकिन भारत के संविधान और कानून के सामने वह एक साधारण आदमी हैं। चाहे उन्होंने गलती की हो वह शामिल है या नहीं, इसकी जांच की जाएगी।’

अशोक पंडित ने दी प्रतिक्रिया

अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी मामले पर फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने घटना को दुखद बताया है। हालांकि, वह अल्लू अर्जुन को इसके लिए जिम्मेदार मानने के लिए तैयार नहीं हैं। चंचलगुड़ा जेल के बाहर पहुंचे अल्लू अर्जुन के फैंस। अभिनेता के नाम का किया जय जयकार।

कंगना बोलीं- जवाबदेही जरूरी

इस मामले पर एक कार्यक्रम में बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने कहा, ‘मैं अल्लू अर्जुन जी की बहुत बड़ी समर्थक हूं। आपको एक उदाहरण स्थापित करना होगा। उन्हें जमानत मिल गई है। लेकिन सिर्फ इसलिए कि हम हाई-प्रोफाइल लोग हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि हमें कोई परिणाम नहीं भुगतना चाहिए। लोगों की जान बहुत कीमती है। चाहे धूम्रपान के विज्ञापन हों या भीड़ भरा थिएटर, मुझे लगता है कि वे (पुष्पा 2 टीम) इस कार्यक्रम में मौजूद थे। हर किसी की जवाबदेही होनी चाहिए।’

पिता अल्लू की राह देख रहीं बेटी अरहा

अल्लू अर्जुन के घर से सामने आए एक वीडियो में उनकी आठ साल की बेटी अरहा अल्लू पिता का इंतजार करते हुए नजर आईं। अरहा ने मुस्कुराते हुए मीडिया को हाय कहा।

तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी ने दी प्रतिक्रिया

तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी ने एक कार्यक्रम में अल्लू अर्जुन मामले पर बयान दिया है। उन्होंने कहा, ‘अल्लू अर्जुन को थिएटर में जाने की जरूरत नहीं थी। वो घर पर ही फिल्म देख सकते थे। अगर वो गए भी तो उन्हें पुलिस को जानकारी देनी चाहिए थी।’

केंद्रीय मंत्री ने किया ये ट्वीट

केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार ने पूरे मामले पर ट्वीट किया, ‘कामकाज पर नाटक, शासन पर ध्यान भटकाना-यही आपके लिए तेलंगाना कांग्रेस सरकार है। जबकि जिन लोगों ने एक बार राज्य में कुशासन किया और लूटा, वे खुलेआम घूम रहे हैं, उन्होंने सुर्खियां बटोरने के लिए एक राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता को गिरफ्तार कर लिया। सनसनीखेज जीत हुई अपनी अक्षमता को छिपाएं नहीं – पूरे देश ने कांग्रेस के हताश नाटक को देखा।’


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *