लखनऊ: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। सपा सांसद डिंपल यादव ने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि प्यारे बच्चों, यह जीत आपकी है। शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के लिए हम आपके साहस, दृढ़ संकल्प और लगन को सलाम करते हैं। साथ ही, मुझे इस बात का गहरा दुख है कि आपको इतना दर्द, उत्पीड़न, आघात और अपमान सहना पड़ा। देश को बदलाव की जरूरत है, ताकि जानबूझकर व्यवस्था में पनप रहे भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ा जा सके। देश समृद्ध हो सके और हमारे देश के युवाओं की आकांक्षाएं और सपने पूरे हो सकें। ढेर सारा प्यार।

वहीं, अखिलेश यादव ने अपने एक्स हैंडल पर इलाहाबाद का एक वीडियो पोस्ट किया। जिसका उन्होंने कैप्शन लिखा, ये है जीत की मिठास! इलाहाबाद में छात्र सेवा करने वाले अपने सभी कार्यकर्ताओं की हम सराहना करते हैं। वहीं, आजमगढ़ शहर के कुर्मी टोला में दिवंगत सपा विधायक आलम बदी आजमी के शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत में सरकार की पूरी परीक्षा प्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि देश के युवाओं के संघर्ष और अभूतपूर्व एकजुटता के कारण ही केंद्र सरकार को अपना रुख बदलने पर मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार को आखिरकार अपना फैसला बदलना ही था, तो उन्होंने पहले छात्रों से बात क्यों नहीं की? अगर समय रहते संवाद स्थापित कर लिया जाता, तो देश में अनावश्यक तनाव और आंदोलन की स्थिति पैदा ही नहीं होती।
सपा प्रमुख ने प्रश्नपत्र लीक मामलों को देश के युवाओं के साथ सबसे बड़ा धोखा करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र लीक जैसी गंभीर घटनाओं ने देश के लाखों होनहार युवाओं के सुनहरे भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। चेतावनी भरे लहजे में कहा कि केवल एक मंत्री का इस्तीफा ले लेने या एक निर्णय बदल देने से इस महा-संकट का समाधान नहीं होने वाला। इसके लिए सरकार को पूरी भर्ती और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी, जवाबदेह और भरोसेमंद बनाना होगा, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र के भविष्य के साथ ऐसा खिलवाड़ दोबारा न हो सके।