मंदिरों और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, कई जिलों में मिले ई-मेल से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क


अयोध्या के परमा एकेडमी के साथ अंबेडकरनगर के रेडियंट कॉलेज और नवदीप कॉलेज को भी धमकी भरे ईमेल मिले हैं

एटीएस और साइबर पुलिस जुटा रही जानकारी

लखनऊ में भी सुरक्षा व्यवस्था मज़बूत

वाराणसी में खालिस्तान नेशनल आर्मी ने दीवाली पर दी धमाके की धमकी


ब्यूरो, लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मंदिरों, स्कूलों और सरकारी संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजे गए ईमेल में अयोध्या, मथुरा और वाराणसी के धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है. धमकी भरे संदेश सिर्फ मंदिरों तक सीमित नहीं हैं.कई स्कूलों, जिला न्यायालय और सरकारी कार्यालयों की ई-मेल आईडी पर भी ऐसे संदेश भेजे गए हैं. इन ईमेल में 8 से 27 नवंबर के बीच अलग-अलग जगहों पर धमाके करने की बात कही गई है.

जानकारी के मुताबिक अयोध्या के परमा एकेडमी के साथ अंबेडकरनगर के रेडियंट कॉलेज और नवदीप कॉलेज को भी धमकी भरे ईमेल मिले हैं. अयोध्या जिला न्यायालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भी ऐसा ही संदेश पहुंचा है.इसके अलावा मथुरा में नगर निगम और वाराणसी में पुलिस कमिश्नर कार्यालय, नगर निगम, बीएचयू सहित कुछ अन्य संस्थानों को भी धमकी भरे ईमेल भेजे गए हैं.अलग-अलग संस्थानों को मिले इन संदेशों के बाद संबंधित जिलों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

ईमेल में 8 नवंबर को सुबह 9:11 बजे से 11:11 बजे के बीच मंदिरों में धमाका करने की चेतावनी दी गई है.लोगों को मंदिरों में नहीं जाने और अभिभावकों को बच्चों को स्कूल नहीं भेजने की धमकी भी दी गई है. इसके अलावा पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रमों को निशाना बनाने की बात कही गई है.संदेश भेजने वालों ने 27 नवंबर तक हमले करने की चेतावनी देकर दहशत फैलाने की कोशिश की है.

धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद संबंधित संस्थानों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी है. एटीएस और साइबर पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हैं. इसके लिए ई-मेल के तकनीकी रिकॉर्ड, आईपी एड्रेस और दूसरे डिजिटल सुरागों की जांच की जा रही है. जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि अलग-अलग जिलों में भेजे गए संदेशों के पीछे एक ही व्यक्ति या समूह है अथवा कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा है.

धमकी भरे ईमेल की जानकारी मिलने के बाद राजधानी लखनऊ में भी पुलिस सतर्क है. जॉइंट पुलिस कमिश्नर बबलू कुमार ने बताया कि इस तरह के ईमेल मिलने की जानकारी पुलिस को मिल रही है. हम जानकारी की पुष्टि कर रहे हैं. पुलिस पहले से ही त्योहारों को देखते हुए अलर्ट पर है. राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है.सभी संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की मुस्तैदी बढ़ाई गई है. सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन की मदद से भी निगरानी की जा रही है.पुलिसकर्मियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.

वाराणसी में खालिस्तान नेशनल आर्मी ने दिवाली पर धमाके की धमकी दी है. खालिस्तान नेशनल आर्मी ने सीएचएस, नगर निगम सहित मंदिरों को उड़ाने का मेल भेजा है. 8 नवंबर को बनारस को दहलाने की धमकी दी गई है. इसके बाद पुलिस ने केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी को पूरे मामले की जानकारी दी और शहर में सभी स्थानों पर फोर्स बढ़ा दी गई है. बता दे कि, 8 नवंबर को दीपावली का त्यौहार मनाया जाएगा. ऐसे में उसे दिन शहर में धमाके की धमकी आई है, जिसके बाद हड़कंप मचा हुआ है.

बता दें कि कल दोपहर को नगर निगम के आधिकारिक मेल पर यह धमकी आई है. खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से आए इस मेल में लिखा है कि काशी मथुरा और अयोध्या में धमाके होंगे जो 8 नवंबर से शुरू होंगे और 27 नवंबर तक जारी रहेंगे. धमकी भरी ईमेल के साथ सुरक्षा को भी बढ़ा दिया गया है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *