(IRITM), लखनऊ एवं (CRIS), नई दिल्ली के मध्य डिजिटल शिक्षण को सुदृढ़ करने हेतु (MoU) पर हस्ताक्षर


क्षमता निर्माण, डिजिटल शिक्षण, अनुसंधान एवं तकनीकी सहयोग को सुदृढ़ करने हेतु समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर

लखनऊ।भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM), लखनऊ एवं रेल सूचना प्रणाली केंद्र (CRIS), नई दिल्ली के मध्य आज IRITM, लखनऊ में एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य रेलवे एवं परिवहन क्षेत्र में क्षमता निर्माण, व्यावसायिक कौशल विकास, शैक्षणिक आदान-प्रदान, अनुसंधान तथा तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में दोनों संस्थानों के बीच सहयोग का एक सुदृढ़ ढाँचा स्थापित करना है।

इस समझौता ज्ञापन (MoU) पर  संजीव कुमार, महाप्रबंधक, मानव संसाधन विकास (GM/HRD), CRIS तथा  शिशिर सोमवंशी, डीन, IRITM द्वारा हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर जी.वी.एल. सत्य कुमार, महानिदेशक, IRITM, जो वर्तमान में रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र (CRIS) के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं, संजय त्रिपाठी, अपर महानिदेशक तथा संस्थान के संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे।

इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य दोनों प्रतिष्ठित संस्थानों के मध्य सहयोग को बढ़ावा देना तथा रेलवे अधिकारियों की व्यावसायिक दक्षताओं को सुदृढ़ करना, ज्ञान के आदान-प्रदान, नवाचार एवं डिजिटल परिवर्तन को प्रोत्साहित करना है। इस साझेदारी के अंतर्गत संकाय एवं विषय विशेषज्ञों का आदान-प्रदान, संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रमों, कार्यशालाओं, संगोष्ठियों एवं केस स्टडी का विकास तथा परिवहन प्रशासन, लॉजिस्टिक्स, डेटा एनालिटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग (ML), अवसंरचना प्रबंधन, नेतृत्व विकास, सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP), अनुबंध प्रबंधन एवं अवसंरचना वित्तपोषण जैसे क्षेत्रों में सहयोग की परिकल्पना की गई है।

इस सहयोग का एक प्रमुख पहलू रेलवे प्रशिक्षण में प्रौद्योगिकी एवं डिजिटल शिक्षण का समावेश है। CRIS द्वारा व्यावहारिक परिचालन प्रशिक्षण हेतु संबंधित लाइव पोर्टल्स तक पहुँच, प्रशिक्षण सामग्री के विकास हेतु मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (MIS) तथा मशीन लर्निंग मॉडल के प्रोटोटाइप विकसित करने के लिए AI Innovation Sandbox की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस समझौते में IRITM के लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (LMS) के संयुक्त उन्नयन तथा डिजिटल माध्यम से शिक्षण को प्रोत्साहित करने हेतु माइक्रो-लर्निंग मॉड्यूल विकसित करने की भी परिकल्पना की गई है।

यह साझेदारी रेलवे एवं परिवहन परिचालन संबंधी डेटा का उपयोग करते हुए संयुक्त अनुसंधान, नीति-उन्मुख केस स्टडी का विकास तथा परिवहन, लॉजिस्टिक्स एवं अवसंरचना प्रशासन में सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के दस्तावेजीकरण को भी प्रोत्साहित करेगी। इसके अतिरिक्त, IRITM द्वारा CRIS के कर्मचारियों के लिए उनकी व्यवहारगत, प्रबंधकीय एवं परिचालन दक्षताओं को बढ़ाने हेतु आवश्यकता-आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे।

इस अवसर परG.V.L. सत्य कुमार, महानिदेशक, IRITM ने भविष्य के लिए तैयार रेलवे कार्यबल विकसित करने में संस्थागत सहयोग के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी रेलवे परिचालन विशेषज्ञता एवं तकनीकी क्षमताओं के समन्वय को बढ़ावा देगी, प्रशिक्षण एवं अनुसंधान में नवाचार को प्रोत्साहित करेगी तथा भारतीय रेल के डिजिटल परिवर्तन में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

यह समझौता ज्ञापन IRITM एवं CRIS के बीच दीर्घकालिक शैक्षणिक, तकनीकी एवं व्यावसायिक सहयोग का मार्ग प्रशस्त करेगा। इससे क्षमता निर्माण, परिचालन दक्षता में सुधार तथा विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप डिजिटल रूप से सशक्त भारतीय रेल के विकास को प्रोत्साहन मिलेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *