केशव मौर्य ने अखिलेश यादव पर बोला हमला-अब कोई अपना सुहाग खतरे में नहीं डालेगा


सौ-सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली: बृजेश पाठक

keshav prasad mourya news : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भले ही अभी लंबा वक्त बाकी है, लेकिन राजनीतिक दल चुनावी मोड में अभी से आ गए हैं। रविवार को समाजवादी पार्टी ने प्रदेश कार्यालय पर अलग-अलग क्षेत्र में बेहतर काम करने वाली महिलाओं का सम्मान किया। इस दौरान अखिलेश यादव ने महिलाओं को लेकर बड़ी-बड़ी बातें भी कहीं थी। उन्‍होंने यह भी कहा था कि 2027 में सपा की सरकार आने पर वह महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देंगे।

इसी को लेकर अब योगी सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोल दिया है। डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी का मतलब है कि महिलाओं की सुरक्षा को खतरे में डालना। उत्तर प्रदेश की आधी आबादी ने 2014 में ही समाजवादी पार्टी को उखाड़ कर फेंक दिया था। 2017 में भी उन्हें हरा दिया और 2019 में भी हराया। 2022 में भी हरा दिया। 2024 में धोखा देकर कुछ सीटें ज्यादा जीत गए थे, लेकिन 2027 में सपा का संपूर्ण सफाया होगा। समाजवादी पार्टी का राजनीतिक सूर्य उत्तर प्रदेश में अस्त हो चुका है। इसलिए 2027 की बात छोड़िए 2047 तक उनकी कोई उम्मीद नहीं है। अखिलेश यादव सिर्फ मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं।केशव प्रसाद मौर्य
सपा के पास गुंडों की पूरी फौज है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कोई अपना सुहाग खतरे में नहीं डालना चाहेगा और ना ही कोई अपना संतान खतरे में डालेगा। ना ही कोई अपनी राखी को खतरे में डालाना चाहेगा। सपा उत्तर प्रदेश की सुरक्षा के लिए खतरा है। उनके पास गुंडे, माफिया, अपराधी, दंगाई, भ्रष्टाचारियों की एक पूरी फौज है।

वहीं, डिप्‍टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी का हाल बिल्कुल वही है, सौ-सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली है। सपा के शासनकाल में बहन-बेटियां पूरी तरह से सहमी हुई थी, डरी हुई थी। उस समय नारा लगता था कि देख सपाई बिटिया घबराई। समाजवादी पार्टी को एक बार अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उनके शासनकाल में बहू बेटियों की आबरू लूटी जा रही थी। बहू-बेटियों का निकलना दूभर था। ये लोग मुंबई से बुलाकर डांस देखते थे। ये सुचिता की बात करते हैं, महिला सम्मान की बात करते हैं। समाजवादी पार्टी को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। प्रदेश की जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *