योगी का पीआरडी जवानों को बड़ा तोहफा: अब हर रोज इतना मिलेगा मानदेय


राष्ट्रीय युवा दिवस समारोह में शामिल हुए सीएम योगी

नशे की चपेट में आए युवाओं का नहीं है भविष्य

ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के 35 हजार से अधिक जवानों का मानदेय 395 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन करने की घोषणा की है। उन्होंने पीआरडी के मृतक जवानों के चयनित आश्रितों को चयन पत्र भी सौंपा।साथ ही एआई आधारित एकीकृत पोर्टल ”युवा साथी” का शुभारंभ किया, जिसका उपयोग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से एकीकृत कर युवाओं को और अधिक उपयोगी बनाने के लिए किया जाएगा।

रविवार को लोकभवन में स्वामी विवेकानंद की जयंती के मौके पर आयोजित ”राष्ट्रीय युवा दिवस” समारोह में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महोत्सव में प्रदेश के 63 नौजवानों ने भाग लिया था। इनमें से तीन ने स्वर्ण पदक प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रदेश के युवाओं के सामने कभी पहचान का संकट था, आज यहां का युवा अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहा है।

मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारत माता के ऐसे सपूत थे, जिन्होंने भारत की प्राचीन आध्यात्मिक संस्कृति को वैश्विक मंच तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका का निर्वहन किया था। वर्ष 1893 में शिकागो समिट के जरिए दुनिया को भारत के महत्व, यहां की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के बारे में बताया था। स्वामी विवेकानंद अक्सर कहा करते थे कि जितनी बड़ी चुनौती हो, जीत उतनी ही शानदार होती है। यह युवाओं के लिए प्रेरणा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जो युवा अपनी जवानी में नशे की चपेट में आ जाए, उसका कोई भविष्य नहीं हो सकता है। नशा नाश का कारण बनता है। युवाओं को नशे के खिलाफ लड़ना होगा। इसके लिए युवक मंगल दल और महिला मंगल दल काे भी आगे आना होगा। देश में टीबी के खिलाफ अभियान चल रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2025 तक टीबी को देश से समाप्त करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए मरीजों को चिह्नित करने के साथ फ्री उपचार और दवा दी जा रही है।  योगी ने पीआरडी के मृतक जवान के आश्रित बस्ती के मो. अमीर, बस्ती की कमला देवी, कानपुर नगर के माधव अवस्थी, अमरोहा के भूपेंद्र और फतेहपुर के चंद्रशेखर को चयन पत्र सौंपा। इसके अलावा विवेकानंद युवा अवार्ड के तहत झांसी के अर्शप्रीत सिंह, बागपत के अमल, गोरखपुर की अर्पिता सिंह, चंदौली के अजीत कुमार सोनी, प्रतापगढ़ के सुंदरम तिवारी, बरेली के सत्यदेव आर्य, गाजीपुर के सिद्धार्थ राय, उन्नाव के अक्षय शुक्ला, बुलंदशहर के आर्यन गौड़ को प्रमाण पत्र और चेक देकर सम्मानित किया।

  • वहीं युवक मंगल दल अंबेडकर नगर के प्रवीण कुमार गुप्ता और अंकित गुप्ता, सिद्धार्थनगर के अभिषेक कुमार यादव और अरविंद कुमार यादव, वाराणसी के प्रिंस चौबे और अनिल विश्वकर्मा के साथ महिला मंगल दल जालौन की प्रवीणा, रामपुर की स्वाति, लखनऊ की अशिंका यादव और स्वाति यादव को प्रमाण पत्र और चेक देकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *