सीएम योगी ने दी विजयदशमी की बधाई,कहा- अंत में विजय सत्य-धर्म की ही होती है-सीएम योगी


 ब्यूरो, लखनऊ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयदशमी की प्रदेशवासियों को बधाई दी है। राज्यपाल ने बधाई संदेश में कहा कि यह पावन पर्व हमें स्मरण कराता है कि असत्य कितना भी प्रबल क्यों न हो, अंत में विजय सत्य और धर्म की ही होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयादशमी का पर्व अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। इस दिन भगवान श्रीराम ने रावण का संहार किया था। विजयादशमी का पर्व हमें आशा, उत्साह और ऊर्जा के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का संदेश देता है। विजयादशमी शक्ति उपासना का उत्सव है।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने विजयदशमी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व असत्य पर सत्य, अन्याय पर न्याय और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक पर्व है। यह पर्व हमें यह प्रेरणा देता है कि जीवन में सदैव सत्य, नैतिकता और सदाचार के मार्ग पर चलकर ही वास्तविक सफलता प्राप्त की जा सकती है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व विजय का प्रतीक है। उन्होंने सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की है। दशहरा का त्योहार, अनीति पर नीति की, असत्य पर सत्य की और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विजयादशमी पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह दिन हमें अन्याय पर न्याय की विजय का संदेश देता है। यह सबक भी मिलता है कि अहंकार और अत्याचार का परिणाम सदैव बुरा होता हैं। बुराई और असत्य के मुकाबले हमेशा सत्य की जीत होती है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *