लखनऊ । लखनऊ की सीट पर केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह जीत तो जरूर गए हैं लेकिन उनकी जीत का अंतर पिछली बार की तुलना में काफी कम हो गया। 2019 के चुनाव में राजनाथ सिंह सपा से ही करीब साढ़े तीन लाख वोटों से जीते थे। इस बार यह अंतर एक लाख से कम हो गया। राजनाथ सिंह तीसरी बार चुनाव जीत गए, लेकिन उनके प्रमुख प्रतिद्वंद्वी सपा के रविदास मेहरोत्रा ने लखनऊ मध्य विधानसभा क्षेत्र में उन्हें खूब छकाया।
राजनाथ सिंह तीसरी बार चुनाव जीत गए, लेकिन उनके प्रमुख प्रतिद्वंद्वी सपा के रविदास मेहरोत्रा ने लखनऊ मध्य विधानसभा क्षेत्र में उन्हें खूब छकाया। दस चरण के वोटों की गिनती दौरान राजनाथ सिंह महज तीन बार ही रविदास को पछाड़ पाए। यहां के वोटों की गिनती शुरू हुई तो पहले राउंड में रविदास को सबसे ज्यादा वोट मिले। हालांकि, दूसरे चरण की गिनती में राजनाथ उनसे आगे निकल गए। दस राउंड की गिनती के दौरान सात बार रविदास और तीन बार राजनाथ आगे रहे। इस विधानसभा क्षेत्र में राजनाथ के मुकाबले रविदास को खूब वोट मिले। कांटे की टक्कर का दौर परिणाम आने तक चलता रहा। दरअसल, रविदास मेहरोत्रा ने इस विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी को हराकर विधायकी का चुनाव जीता था।
शुरू से आगे रहे राजनाथ, मतदाताओं ने नहीं बदला मिजाज
पुराने रिकॉर्ड को देखते हुए जो अनुमान पूर्व विधानसभा क्षेत्र को लेकर लगाया जा रहा था, वही मिजाज मतगणना में फिर दिखा है। इस क्षेत्र को भाजपा का गढ़ माना जाता है। यहां वोटों की गिनती को लेकर जब ईवीएम खुली तो सामने आया कि मतदाताओं ने फिर अपना प्यार कमल पर ही लुटाया है और भाजपा प्रत्याशी राजनाथ सिंह को सबसे आगे कर दिया है।
पूरब विधानसभा क्षेत्र लखनऊ लोकसभा सीट के तहत आता है। इस क्षेत्र से पिछले कई बार से भाजपा का ही विधायक बनता रहा है। उप चुनाव में फिर भाजपा प्रत्याशी ही जीता है। लोकसभा चुनाव को लेकर जब रमाबाई रैली मैदान पर वोटों की गिनती शुरू हुई तो पहले राउंड से ही राजनाथ सिंह यहां आगे रहे। पहले ही राउंड में उनको 5475 वोट मिले, जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के रविदास को 3258 वोट मिले।
इसी तरह तीसरे रांउड में राजनाथ को 5448 और रविदास को 2615 वोट मिले। चौथे राउंड मेंं अंतर कम हुआ। इसमें राजनाथ को 3932 और रविदास को 3925 वोट मिले। इसके बाद जब अगले राउंड की गिनती आई तो राजनाथ ज्यादा आगे निकल गए। इस बार उन्हें 6151 व रविदास को 2341 वोट मिले। यही सिलसिला सभी रांउड में चला। पूर्व विधानसभा की जनता ने अपना मिजाज नहीं बदला और कमल खिलाने का काम किया।
जीत का दावा कर सपा-भाजपा के कार्यकर्ता आपस में भीड़े
लोकसभा चुनाव में जीत का दावा करते हुए समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोक हुई। औरंगाबाद फ्लाई ओवर के नीचे दोनों पार्टियों के कैंप लगे हुए थे। दोपहर 12 बजे के बाद जब रुझान पार्टी नेताओं की तरफ हुआ तो समर्थकों ने जीत का दावा करते हुए नारा लगाना शुरु कर दिया। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने समझा बुझाकर मामले को शांत कराया।