मुलायम से प्रभावित होने की बात
Nasimuddin siddhki news: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राजनीतिक माहौल अब गरमाने लगा है। नेताओं के पाला बदलने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इस क्रम में कांग्रेस का हाथ छोड़ने वाले सीनियर नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नसीमुद्दीन सिद्दीकी को पार्टी की सदस्यता दिलाई। माला पहनाकर पार्टी में नसीमुद्दीन सिद्दीकी का स्वागत किया।

अखिलेश यादव ने मायावती सरकार में मंत्री रहे नसीमुद्दीन सिद्दीकी को स्मृति चिह्न के साथ अहिल्याबाई की तस्वीर भेंट की। अखिलेश यादव ने सभी का जोरदार स्वागत किया। नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने इस मौके पर प्रदेश की सत्ता में बदलाव की हुंकार भरी।
समाजवादी पार्टी में शामिल होने वालों में प्रतापगढ़ के पूर्व विधायक राजकुमार, देवरिया के पूर्व विधायक दीनानाथ कुशवाहा, नेता अनीस अहमद फूल बाबू और एआईएमआईएम से जुड़े रहे दानिश खान भी शामिल रहे। इसके अलावा महिला नेताओं में रचना पाल, हुसना सिद्दीकी, पूनम पाल और अलका समेत कई कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने समाजवादी विचारधारा और संगठन को मजबूत करने का संकल्प जताया।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कहा कि समाजवाद और समाजवादी पार्टी का आपस में अटूट संबंध है। उन्होंने सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे देश की दशा को सुधारने वाले और नई दिशा देने वाले नेता रहे थे। मैं हमेशा उनसे प्रभावित रहा हूं। उन्होंने कहा कि भले ही मैं किसी पार्टी में रहा हूं, मैंने हमेशा नेताजी का सम्मान किया है।नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने इस मौके पर शायराना अंदाज में कहा कि ‘हयात लेके चलो, कायनात लेके चलो। चलो तो सारे जमाने को साथ ले के चलो।’
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ऐसे ही नेता हैं, जो सभी समाज को लेकर चल रहे हैं। बहुजन समाज पार्टी से जो भी नेता सपा में शामिल हुए हैं, उन्हें मैं बता दूं कि सपा में आज से सभी हमारे वरिष्ठ हैं। हम लोग उनसे जूनियर हैं। उन्होंने कहा कि 15,718 लोग सपा में शामिल हो रहे हैं। फूल बाबू, बाबू सिंह कुशवाहा आदि सभी लोगों के साथ हम लोग पहले काम कर चुके हैं। अब एक बार फिर साथ में काम करेंगे।