मोदी की बढ़ी टेंशन, मतगणना में 6 केन्द्रीय मंत्री चल रहें पीछे


 संजय पुरबिया 

लखनऊ। लोकसभा चुनाव की ‘गिनती’ तो शुरु हो गयी लेकिन जो तस्वीर सामने आ रही है, उसे देखकर लगता है केन्द्र सरकार के कई ताकतवर मंत्रियों की ‘उल्टी गिनती’ शुरू हो गयी है। दोपहर 12: 30 बजे तक केन्द्र सरकार के 6 मंत्री रूझानों में काफी पीछे चल रहे हैं। इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि मतगणना के आखिरी चरण में बैलेट बॉक्स से ‘जिन्न’ निकल कर इनकी नैया पार लगा दे….।

लोकसभा का मतगणना जारी है, इस बीच एनडीए औरइंडिया गठबंधन के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। भाजपा,सपा ,कांग्रेस और बसपा के प्रत्याशियों के साथ-साथ कार्यकर्ताओं के दिलों की धड़कनें धका-धक कर रही है। सभी संशय में हैं कि आखिरी में क्या होगा ? अभी तक के रुझानों में भाजपा 295 सीटों पर बढ़त बनाये हुये है, वहीं इंडिया गठबंधन 229 सीटों पर आगे चल रही है। खास बात यह है कि जिस उत्तर प्रदेश में भाजपा 80 पार का दम भर रही थी,वहां भाजपा सिर्फ 35 सीटों पर आगे चल रही है। सपा भी 34 सीटों पर बढ़त बनाये हुये है। चौंकाने वाली बात यह है कि उत्तर प्रदेश में केन्द्र सरकार के 6 केन्द्रीय मंत्री मतगणना में काफी पीछे चल रहे हैं।

स्मृति ईरानी,कौशल किशोर,अजय मिश्रा टेनी, संजीव बालियान और महेन्द्र नाथ पाण्डेय अभी तक के मतगणना में पीछे चल रहे हैं। हालांकि इन मंत्रियों ने चुनाव के दौरान तमाम वादे कर अपने मतदाताओं को लुभाने का भरसक प्रयास किया था लेकिन लगता है मतदाताओं का मन इनकी कार्यशैली से उबिया गया है। अमेठी से भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी 39147 वोट से पीछे चल रही हैं। यहां पर किशोरी लाल लगातार बढ़त बनाये हुये हैं। बसपा के नन्हें सिंह तीसरे पायदान पर चल रहे हैं। मोहनलालगंज लोकसभा सीट से अभी तक कौशल किशोर सपा के आर. के .चौधरी से पीछे चल रहे हैं। आर के चौधरी को 55,025 वोट से आगे चल रहे हैं। सुबह 11:30 बजे तक के रुझान में कौशल किशोर 1 लाख 34 हजार 996 वोट ही मिले थे। वहीं सपा उम्मीदवार आर. के .चौधरी को 1 लाख 90 हजार 21 वोट मिले हैं।

इसी तरह मिर्जापुर लोकसभा सीट से केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल को सपा के उम्मीदवार रमेश चंद्र बिंद ने लगातार पीछेे कर दिया है। रमेश चंद्र बिंद 4564 वोट से आगे चल रहे हैं। लखीमपुर खीरी से केन्द्रीय मंत्री अजय मिश्रा ‘टेनी’ भी लगातार ऊपर-नीचे चल रहे हैं। सपा प्रत्याशी उत्कर्ष वर्मा मधुर 207935 वोट से आगे चल ‘टेनी’ को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। इसी तरह चंदौली लोकसभा सीट से केन्द्रीय मंत्री महेन्द्र नाथ पाण्डेय की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुयी है। सपा उम्मीदवार बिरेन्द्र सिंह 1089 वोट से आगे चल रहे हैं। महेन्द्र पाण्डेय को अभी तक 1 लाख 79 हजार 519 वोट मिले हैं। केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान को भी सपा के उम्मीदवार हरेन्द्र सिंह मलिक जबरदस्त टक्कर दे रहे हैं। हरेन्द्र सिंह मलिक 28 हजार 848 वोट से आगे चल रहे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *