पंकज चौधरी ने संभाला भाजपा उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पद का कार्यभार
Pankaj choudhery news: केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और महाराजगंज से सात के सांसद पंकज चौधरी काे भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा उत्तर प्रदेश के निर्विरोध अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में रविवार शाम काे अपना कार्य भी ग्रहण कर लिया। केंद्रीय चुनाव अधिकारी पीयूष गोयल, भाजपा उत्तर प्रदेश के निवर्तमान अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चाैधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद माैर्य व ब्रजेश पाठक और मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की माैजूदगी में कार्यभार संभाला। इससे पहले भूपेंद्र चौधरी ने पंकज चौधरी को पार्टी की ध्वजा सौंपी।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में रविवार शाम काे अपना कार्य ग्रहण करने के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पंकज चाैधरी ने कहा कि संगठन मेरे लिए सर्वोपरि है और संगठन का हर आदेश सर्वमान्य होगा। मैं आज कार्यकर्ताओं के इस महासंगम में प्रेमपूर्ण भावना से स्वयं को जोड़ रहा हूं। प्रदेश भर के देवतुल्य कार्यकर्ताओं से प्राप्त अपूर्व स्नेह से गदगद और अभिभूत हूं। लखनऊ में सभी के स्नेह, उत्साह और आत्मीय स्वागत से स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ को भारत की राजनीति का केंद्र बिंदु भी माना जाता है। ऐसे में उत्तर प्रदेश भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का दायित्व संभालते समय वे रोमांचित, उत्साहित और गौरवान्वित हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा संघ परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह महान दायित्व उन्हें सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जैसी लोकतांत्रिक पार्टी में ही यह संभव है कि मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता को भी इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जाए।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन पर अटूट विश्वास जताते हुए केंद्र सरकार में वित्त राज्य मंत्री की जिम्मेदारी दी, जिसे वे पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में यह उनकी अब तक की सबसे गंभीर और चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्हें विश्वास है कि उत्तर प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं का स्नेह और समर्पण इस दायित्व के निर्वहन में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 1980 से अब तक कुल 15 प्रदेश अध्यक्ष संगठन का नेतृत्व कर चुके हैं। इन सभी के अनुभव संगठन की अमूल्य धरोहर हैं, जिनसे उन्हें सीखने और मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा में परिवारवाद और जातिवाद नहीं चलता। पार्टी का नेतृत्व न किसी विशेष परिवार को मिलता है और न ही किसी खास जाति को। यहां कोई भी सक्रिय कार्यकर्ता बड़े से बड़ा दायित्व निभा सकता है। इसी कारण हम सभी को अपनी पार्टी पर गर्व है। नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन का आरंभ सुनियोजित नहीं था।