तुरंत ‘सुभासपा’ ज्वाइन करा…मुख्यमंत्री से अझुरा जाब,तोहके कौनो न कौनो विभाग क मंत्री बनवा के रहब-ओम प्रकाश राजभर


संजय श्रीवास्तव

लखनऊ: यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर अपने अलहदा अंदाज के लिए जाने जाते हैं। पिछले कुछ समय से वह लगातार सपा मुखिया अखिलेश यादव पर जुबानी वार कर रहे हैं। एक दिन पहले अखिलेश यादव ने योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्‍तार को लेकर सवाल उठाए थे। इस पर ओमप्रकाश राजभर ने अपने X हैंडल पर अवधी बोली में पोस्‍ट करते हुए अखिलेश पर पलटवार किया है। उन्‍होंने यहां तक लिख दिया कि सुभासपा जॉइन कर लीजिए, वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से झगड़ा कर लेंगे, लेकिन आपको एक विभाग का मंत्री बनवा कर रहेंगे।



ओमप्रकाश राजभर ने शनिवार को पहले अवधी में पोस्‍ट लिखा। फिर नीचे हिंदी में भी वही बात डाली। अवधी में राजभर ने लिखा है- ‘अखिलेश यादव जी, अभइं तोहरे भाई क देहांत भयल ह, पूरा परिवार परेशान ह.. यही कारन हमहू तोहरे दुख में शामिल हईं और तोहार समाज बांटे वाली राजनीति पर लिखे-बोले बंद कर देले रहली। मगर तू एतना बड़ा सत्ता क लालची हउवा कि परिवार के ‘गमी’ पड़ल ह, तब्बो तोके राजनीति खेले के ह। दूसरे के घर में का चलत ह, एकर चिंता ढेर ह तोके। लगत ह तू लाज सरम सब घोर के पी गयल हउवा।’

कम स कम तेरही तक त रुक गयल होता

सुभासपा प्रमुख ने आगे लिखा- ‘कम स कम तेरही तक त रुक गयल होता… ओकरे बाद कर लेहल जाई बिचार क राजनीति, कुछ तू हमके कहता, कुछ हम तोहके सुनाइत.. लेकिन तोहार ई रंग-ढंग अगर गोलोकगामी भाई साहब देखत होइहं…त का सोचत होइ हं तोहरे बारे में.. रहल बात मंत्रिमंडल के बढ़ले और विभागन क बंटवारा अब ले ना भइल.. त भाई तू काहे परेशान हउवा.. तोहके का लगत ह कि एक-आक विभाग तोहूं के मिल जाए का ? अगर इच्छुक हउवा त तुरंत सुभासपा ज्वाइन करा.. माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ जी से अझुरा जाब (झगड़ा कर लेंगे), लेकिन तोहके कौनो न कौनो विभाग क मंत्री बनवा के रहब। बेगाने मंत्रिमंडल में अखिलेश दीवाना!’


अखिलेश ने मंत्रिमंडल विस्‍तार पर उठाए थे सवाल

आपको बता दें कि अखिलेश यादव ने लंबा चौड़ा पोस्‍ट कर योगी मंत्रिमंडल विस्‍तार पर सवाल उठाए थे। अखिलेश ने लिखा था कि यूपी में मंत्रियों के नामों के बाद अब क्‍या उनके विभागों की पर्ची भी ऊपर से आएगी। मंत्रालयों के बंटवारे की देरी की असली वजह सिर्फ ये है कि मंत्रालय और विभाग की कमीशन कमाइ के बंटारे के डबल इंजन आपस में टकरा रहे हैं। दीर्घ प्रतीक्षा के बाद जो नए मंत्री बने हैं वो बेचारे बस दर्शक दीर्घा में बैठकर गेंद को इधर उधर आते जाते देख रहे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *