राज्यपाल के अभिभाषण से शुरू होगा यूपी विधानमंडल का बजट सत्र


 ब्यूरो, लखनऊ। सोमवार से शुरू हो रहे विधान मंडल बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होने के बाद वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना प्रदेश का आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश करेंगे।सर्वेक्षण रिपोर्ट में कृषि, अवस्थापना सुविधाएं, पर्यटन, ऊर्जा आदि क्षेत्रों में पिछले वित्तीय वर्ष 2024-2025 की उपलब्धियां व चुनौतियों के आंकड़ों के साथ ही चालू वित्तीय वर्ष के पिछले नौ महीनों के आंकड़े भी होंगे।

रिपोर्ट से लोग यह जान सकेंगे कि कौन से क्षेत्र में राज्य विकास कर रहा है और कौन से क्षेत्र में चुनौतियां आ रही हैंरिपोर्ट में प्रदेश की आर्थिक स्थिति का पूरा लेखाजोखा रहेगा। प्रदेश की जीडीपी वृद्धि की स्थिति, बजट आवंटन व खर्च के साथ ही प्रमुख क्षेत्रों जैसे उद्योग, निर्माण, कृषि, सेवा, अवसंरचना, ऊर्जा, रोजगार आदि की विस्तृत रिपोर्ट रहेगी।

इन क्षेत्रों में हुए बदलावों का जिक्र भी रहेगा। सूत्रों के अनुसार रिपोर्ट सरकार की उपलब्धियों व चुनौतियों पर आधारित होगी। आर्थिक उपलब्धियों व चुनौतियों का पूरा ब्योरा रहेगा। इसके साथ ही क्षेत्र विशेष में भविष्य के अनुमान भी होंगे।

राज्य के आर्थिक विकास, संरचनात्मक चुनौतियों और नीतिगत प्राथमिकताओं का आंकलन प्रस्तुत किया जाएगा। पहली बार केंद्र सरकार की तर्ज पर आर्थिक संरक्षण रिपोर्ट विस्तार में तैयार किया गया है।हर क्षेत्र की विस्तृत रिपोर्ट इसमें समाहित की जा रही है।आर्थिक सर्वेक्षण देश अथवा किसी राज्य की आर्थिक स्थिति का रिपोर्ट कार्ड होता है, जो सरकार की कमाई, खर्चे और आर्थिक प्रगति का पूरा ब्योरा बताती है। जिससे यह पता चलता है कि देश अथवा राज्य की अर्थव्यवस्था किस दिशा में है और सरकार के सामने क्या चुनौतियां हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *