खबर का असर: जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को बेटे के प्रोटोकॉल पर देनी पड़ी सफाई…
अर्जुन देव भारती का दो टूक बयान के बाद भाजपा में मचा खड़मंडल
संजय श्रीवास्तव
लखनऊ। मंत्री पिता का भौकाल दिखाकर खुद अपने लिये प्रोटोकॉल जारी कराना लाल को भारी पड़ गया। मंत्री पुत्र की प्रोटोकाल की लालसा में बलि का बकरा बने निजी सचिव आनंद कुमार के साथ हुयी नाइंसाफी में जहां उ.प्र.सचिवालय संघेे अध्यक्ष अर्जुन देव भारती ने कहा था कि बिना किसी के निर्देश पर निजी सचिव प्रोटोकाल जारी नहीं कर सकता…। ‘द संडे व्यूज़’ ने इस अर्जुन देव भारती के बयान को उठाया और आज निजी सचिव आनंद कुमार के साथ पूरा सचिवालय प्रशासन उठ खड़ा हुआ। असर ये रहा कि स्वयं मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को आगे आना पड़ा और सफाई भी देनी पड़ी।

जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के बेटे अभिषेक सिंह को बिना किसी पद के प्रोटोकाल दिलाने संबंधी पत्र जारी कर मुसीबतों में घिरे मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के निजी सचिव आनंद कुमार को लेकर राजनीति तेज हो गई है। मंत्री ने आनंद कुमार को भले ही पद से हटा दिया, लेकिन मंत्री की मुसीबतें कम नहीं हो पा रही है।
उत्तर प्रदेश सचिलालय संघ अब मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के निजी सचिव आनंद कुमार खड़ा हो गया है। स्वतंत्र देव सिंह के आनंद कुमार को पद के हटा देने के प्रकरण पर संघ अध्यक्ष अर्जुन देव भारती ने कहा है कि सचिवालय कैडर का कोई भी अधिकारी बिना निर्देश के कोई पत्र जारी नहीं करता है। जिसने निर्देश दिए उसे सामने आकर माफी मांगनी चाहिए।

गौरतलब है कि निजी सचिव आनंद कुमार ने मंत्री के पुत्र अभिषेक सिंह के जालौन जिले के कार्यक्रम में प्रोटोकाल संबंधी पत्र डीएम और एसपी जालौन को जारी किया गया था। जिसमें कहा गया था कि अभिषेक सिंह के आने-जाने की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निजी सचिव का पत्र प्रसारित होने के बाद सरकार से लेकर भाजपा नेतृत्व तक ने इस मामले में नाराजगी जताई। जिसके बाद स्वतंत्र देव सिंह ने निजी सचिव आनंद कुमार को हटा दिया। इस मामले में सपा ने भी भाजपा को घेरने का काम किया।
इससे पहले भी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को अयोध्या दौरे पर निजी सचिव आनंद कुमार को हटाने को लेकर सफाई दी थी। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपने बेटे अभिषेक को निजी सचिव के प्रोटोकॉल देने पर सफाई दी। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि इस बारे में ज्यादा चर्चा नहीं होनी चाहिए थी। यह भारतीय जनता पार्टी है, यह अलग पार्टी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा वंशवाद, जातिवाद व परिवारवाद से ऊपर उठी पार्टी है। उन्होंने कहा कि सरकार के आठ वर्ष के कार्यकाल में कोई भी उंगली नहीं उठा सका। आठ वर्ष में कभी भी ऐसी हरकत नहीं हुई। यह पहली बार हरकत कैसे हुई उसको देखा गया। ऐसा नहीं होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि हम लोगों राजनीति में को 40 वर्ष हो गया है, जब यह बात संज्ञान में आई तो हमने कार्रवाई की है।