ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस समारोह शुक्रवार को राजभवन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर समृद्ध लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ।राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सांस्कृतिक कार्यक्रमाें की प्रस्तुति देने वाले स्कूली बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि 21वीं सदी महिलाओं की है और महिलाओं को आगे बढ़ने का हर संभव प्रयास करना चाहिए। प्रदेश की महान विभूतियाें, खानपान, परिधान, वाद्य यंत्र, ऐतिहासिक स्मारक एवं प्रसिद्ध स्थानों की झलकियां दर्शाती एक विशेष प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पर आधारित एक डाक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई, जिसमें राज्य की विविधता और विकास को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। आदिवासी कलाकारों द्वारा लोक गीत, थारू नृत्य, शैला नृत्य, सखिया नृत्य, करमा नृत्य एवं रामलीला की आकर्षक प्रस्तुतियां की गयी।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों एवं कलाकारों की सराहना की और उनसे संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने उनसे घर-परिवार, खेती, पढ़ाई-लिखाई, पशुपालन, सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से मिलने वाले लाभ आदि की जानकारी प्राप्त की।
मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के संविधान पर व्यक्त किये गये विचारों को भी सुना गया। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव राज्यपाल डा. सुधीर महादेव बोबडे, विशेष सचिव श्रीप्रकाश गुप्ता, विशेष कार्याधिकारी अशोक देसाई, विशेष कार्याधिकारी (शिक्षा) डा. पंकज एल. जानी एवं राजभवन के सभी अधिकारी उपस्थित थे। उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को इंटरनेट की दुनिया में भी प्रदेश का डंका बजता रहा। इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर ‘ट्रांसफार्मिंग यूपी’ का हैशटैग काफी देर तक नंबर वन ट्रेंड करता रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों और बदलावों को लेकर यूजर्स ने जमकर सराहना की।
इंटरनेट मीडिया यूजर्स ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में प्रदेश के ””बीमारू राज्य”” से ””उत्तम प्रदेश”” बनने पर चर्चा की। विकास कार्यों, औद्योगिक निवेश, महिला सुरक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और रोजगार के अवसरों में आए सुधार पर भी अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की।
एक यूजर ने लिखा कि योगी सरकार ने बीते आठ साल में प्रदेश को जिस तरह से बदला है, वह वाकई सराहनीय है। आज हमारा प्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कानून व्यवस्था में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। एक अन्य यूजर ने लिखा कि उत्तर प्रदेश अब न सिर्फ एक पर्यटन हब बन रहा है, बल्कि निवेश और उद्योग के लिए भी सबसे पसंदीदा राज्य बन चुका है। यह बदलाव योगी जी के मजबूत नेतृत्व का प्रमाण है।
सोशल मीडिया पर यूपी स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों और मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए संदेशों को भी व्यापक रूप से साझा किया गया। ‘ट्रांसफार्मिंग यूपी’ का यह ट्रेंड बताता है कि प्रदेश का विकास एक उदाहरण बन रहा है।उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर देश के शीर्ष नेताओं ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने प्रदेश के आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक विकास पर अग्रसर के साथ सुख-समृद्धि की मंगल कामनाएं कीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पूर्व राज्यपाल राम नाईक ने अपने-अपने इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर शुभकामना संदेश पोस्ट किए।