ब्यूरो, लखनऊ। उद्यान विभाग शीतगृहों में आलू के भंडारण की कसरत में जुटा है। अब तक 74.88 प्रतिशत उपज शीतगृहों में पहुंच चुकी है। प्रदेश के 2207 शीतगृहों में अब भी भंडारण की पर्याप्त क्षमता उपलब्ध है। प्रदेश में देश के कुल उत्पादन के 30 प्रतिशत से अधिक आलू का उत्पादन होता है।

6.98 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में आलू की बोआई की जाती है। इस बार लगभग 245 लाख मीट्रिक टन आलू का उत्पादन हुआ है। वर्तमान में प्रदेश के 2207 निजी शीतगृहों की कुल भंडारण क्षमता 192.43 लाख मीट्रिक टन है। उद्यान विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक 144.10 लाख मीट्रिक टन आलू का शीतगृहों में भंडारण हो चुका है।अभी 48.33 लाख मीट्रिक टन आलू और भंडारित किया जा सकता है।
उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि शीतगृहों की संख्या, भंडारण क्षमता में वृद्धि, किसानों को समय से उचित मूल्य दिलाने के लिए कदम उठाए गए हैं। निजी शीतगृहों में आलू भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था है। समस्या होने पर किसान संबंधित जिला उद्यान अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।