ब्यूरो, लखनऊ। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रुपये की गिरती कीमत को लेकर मंगलवार को केंद्र सरकार पर हमला बोला। एक समाचार का स्क्रीन शाट शेयर करते हुए एक्स पर लिखा,‘गिरने के मामले में रुपये और भाजपा की छवि के बीच जबरदस्त मुकाबला चल रहा है।’ सपा प्रमुख ने एक अन्य पोस्ट में इटावा में निर्माणाधीन केदारेश्वर महादेव मंदिर में लगाई गई श्रीराम की मूर्ति की फोटो साझा करते हुए लिखा, प्रभु राम की अभिराम मूर्ति।

रुपये की कीमत गिरने को लेकर की गई पोस्ट में सपा प्रमुख ने लिखा कि जैसे-जैसे भाजपाई लोगों के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश हो रहा है, वैसे-वैसे भाजपाई छवि और भी नीचे गिरती जा रही है। भाजपाइयों और उनके संगी-साथियों के खुलासे तो हो रहे हैं, लेकिन इस्तीफे नहीं।भाजपा में हमेशा नैतिक दिवालियापन रहा है, अब तो वो पराकाष्ठा पर है। सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था और आम जनता संकट में फंस गई है। रुपये की कीमत लगातार गिरती जा रही है। महंगाई बढ़ती जा रही है।
रसोई गैस सिलिंडर के लिए देश में जगह-जगह लाइन दिख रही है। युद्ध के कारण आए ऊर्जा संकट को लेकर इस सरकार में कोई तैयारी नहीं की। भाजपा सरकार देश की जनता को गुमराह करती रही। भाजपा सरकार में देश की विदेश नीति विदेशी तय कर रहे हैं।
वहीं मंगलवार को पार्टी मुख्यालय पर होली-ईद मिलन सौहार्द समारोह में गीत,संगीत व हास्य प्रस्तुतियां हुईं। इस दौरान डा. बीआर आंबेडकर के प्रपौत्र एवं बुद्धिष्ट सोसायटी आफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. राजरतन आंबेडकर ने सपा प्रमुख को संविधान की प्रति भेंट की।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने संविधान में पिछड़े वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए प्रविधान किए। अखिलेश यादव पीडीए के तहत सबको एकजुट कर रहे हैं। मुझे इसका हिस्सेदार बनने पर गर्व होगा। इससे पहले भगवान महावीर की जयंती मनाई गई। सपा प्रमुख ने भगवान महावीर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित किए गए।