करोड़ों रुपये की है शत्रु संपत्ति
अवैध कब्जेदारों में हलचल तेज
शत्रु संपत्ति पर लगाए जा रहे साइन बोर्ड
कायमगंज। बंटवारे के समय देश छोड़कर पाकिस्तान चले गए लोगों की संपत्तियां, जिन्हें शत्रु संपत्ति घोषित किया गया था। उनमें अधिकांश संपत्तियों पर अवैध कब्जा है। इन अवैध कब्जों को हटाने के लिए प्रशासन सख्त हो गया है। तहसील क्षेत्र में घोषित ऐसी 28 संपत्तियों के चिह्नांकन के बाद उन पर साइन बोर्ड लगाए जाने लगे हैं। बाईपास रोड स्थित करोड़ों की शत्रु संपत्ति पर प्रशासन ने बोर्ड लगाया है। जिले में कुल 39 शत्रु संपत्तियां हैं, जिसमें कायमगंज तहसील क्षेत्र में ही 28 संपत्तियां चिह्नित हैं।

कायमगंज का चिलौली क्षेत्र नगरीय व ग्रामीण दो क्षेत्रों में है। चिलौली ग्रामीण का कुछ भाग फर्रुखाबाद बाई पास रोड (जो दिल्ली मार्ग है) पर करोड़ों की घोषित व अघोषित शत्रु संपत्ति है। जिसमें से घोषित शत्रु संपत्ति पर चिह्नांकन व टैगिंग के बाद नायब तहसीलदार सृजन कुमार, मनीश वर्मा, शत्रु संपत्ति कस्टूडियन कार्यालय के आरके दुबे, राजस्व निरीक्षक जगदीप सिंह व लेखपाल आदर्श कुमार की मौजूदगी में यह साइन बोर्ड लगाया गया है।
शत्रु संपत्तियों को प्रदर्शित करने वाला साइन बोर्ड लगने पर अवैध कब्जेदारों में हलचल मची हुई है। यह अवैध कब्जेदार गैर जानकार लोगों को ऐसी संपत्तियों को अपनी बताते हुए बैनामा कर बेच रकम हड़प कर उन्हें फंसा देते हैं।प्रशासन की ऐसी कार्रवाई से ऐसे भू माफियाओं पर अंकुश लगेगा। गौरतलब है कि इसी मार्ग पर कुछ अघोषित संपत्तियों पर पिछले दिनों पत्रावली चल रही थी। जिससे उन्हें भी शत्रु संपत्ति घोषित किया जा सके, इस संपत्ति पर भी दुकानें बनाकर बेचने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते वह पत्रावली लाल फीताशाही का शिकार हो गई थी।
इसी संपत्ति को शत्रु संपत्ति घोषित कराने को लेकर हिंदू जागरण मंच ने 20 मई 2024 को ज्ञापन देकर अनशन की चेतावनी दी थी। अब संभावना जताई जा रही है कि उक्त संपत्ति को भी शत्रु संपत्ति घोषित किया जा सकता है। तहसीलदार विक्रम सिंह चहार ने बताया कि सभी शत्रु संपत्तियों पर साइन बोर्ड लगाना शुरू हो गया है। इस प्रकार के साइन बोर्ड लगवाए जाएंगे।