योगी सरकार ने तय किया 400 करोड़ का बजट
ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत निश्शुल्क स्कूटी देने की तैयारी में जुटी है।

बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष इसका विस्तृत प्रस्तुतिकरण किया गया। योजना के तहत उच्च शिक्षा ग्रहण करने वाली मेधावी छात्राओं को ईवी स्कूटी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए 400 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है।योजना का लाभ किन छात्राओं को और किस आधार पर दिया जाएगा, इसे लेकर अभी मंथन चल रहा है। अभी इसकी नियमावली नहीं तय हुई है। पात्रता, मेरिट और चयन प्रक्रिया का प्रारूप तैयार किया जा रहा है।
इसमें स्नातक (यूजी) और परास्नातक (पीजी) की छात्राओं को शामिल किए जाने पर विचार किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना है। प्रस्तुतिकरण देखने के बाद मुख्यमंत्री ने योजना को और प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए इसकी नियमावली तय करने के लिए निर्देश दिए। अधिकारियों को सुझावों के अनुरूप योजना का अंतिम प्रारूप तैयार करने के लिए कहा गया है।